दहेज में नहीं मिली बाइक तो हैवान बने ससुरालवाले, महिला को किया आग के हवाले
रानीगंज (अररिया)
रानीगंज थाना क्षेत्र के विस्टोरिया पंचायत के वार्ड संख्या छह डूमरिया गांव में दहेज में बाइक नही मिलने पर एक 35 वर्षीय महिला को जलाकर मार देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मृतका के माता-पिता ने बेटी की हत्या का आरोप ससुरालवालों पर लगाया है। मृतका सहदा खातून डूमरिया के नसीम की बेटी थी।
मृतका का शरीर पूरी तरह जला हुआ था। घटना को लेकर मृतका की मां सोनिया देवी ने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी कि रविवार की अहले सुबह उनकी बेटी सहदा को उनके पति, सास, व ससुर ने मिलकर जलाकर मार दिया। जब बेटी के ससुराल पहुंची तो बेटी सहदा का शव आंगन के ट्यूबवेल के समीप पड़ी थी। पूरा शरीर जल गया था। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को उनके पति एतसामुल, ससुर इकराम और सास रिहाना खातून ने मिलकर जलाकर मार दिया है। इधर घटना के बाद सूचना मिलने पर रानीगंज थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार, दारोगा मेनुद्दीन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका का मायका और ससुराल दोनो पड़ोस में होने के कारण मायके के दर्जनों लोग जुट गए। इस दौरान कई बार नोंकझोंक हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया।
रविवार की अहले सुबह महिला सहदा को जलाकर मारने की घटना से हर कोई स्तब्ध है। मृतका के ससुराल में ट्यूबवेल के समीप मृतका के अधजले कपड़े पड़े थे। मृतका के भाई साकिद ने बताया कि पहले बहन के बाल काटे गए फिर जमकर पिटाई की गई। इसके बाद उनके पति, सास, ससुर ने मिलकर जलाकर मार दिया। परिजनों ने बताया कि सहदा की शादी वर्ष 2008 में पड़ोस के ही इकराम के पुत्र एतेसमुल से हुई थी। मृतका की मां ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर मेरी बेटी को मारा पीटा जाता था, मारपीट को लेकर कई बार पंचायती भी हुई थी। इस बीच दोनो के पांच बच्चे हुए। एक बच्चे की पूर्व में मौत हो चुकी है। घटना के बाद मृतका के चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
क्या बोले एसडीपीओ
घटना के संबंध में एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। अभी सभी आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पाठको की राय